न्याय चौपाल, मध्य क्षेत्र की बैठक आयोजित
न्याय चौपाल, मध्य क्षेत्र (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं महाराष्ट्र) की बैठक 25 सितंबर, 2022 को ऑनलाइन माध्यम (गूगलमीट) से आयोजित हुई।
इस बैठक में न्याय चौपाल के राष्ट्रीय महासचिव श्री गोविन्द गोयल विशेष रूप से उपस्थित थे। बैठक का संचालन श्री निशिकांत चौधरी ने किया। इसके साथ ही इस बैठक में श्री एन.सी. वाधवा, श्री आर.के. केसवानिया, श्री संतोष तिवारी, श्री जयेश सिंह राठौर, श्री डी.पी. राय, श्री जय शर्मा, सुश्री रंजीता नरेलिया, सुश्री सुमन पटेल, सुश्री सरिता पिल्लई, श्री सुनील सिंहल, श्री मनोज वर्मा, श्री नानक चंद, डॉ. अनूप तिवारी, श्री राजेश मिश्रा, श्री चंद्रप्रकाश राजपूत, श्री मुकेश, श्री कुंदन, सुश्री मनीषा पाटिल, सुश्री मुनमुन भट्टाचार्य, डॉ. मुकुल तिवारी, डॉ. मीना पांडेय, श्री प्रदीप माहेश्वरी, डॉ. राजेश रणदिवे, श्री प्रदीप एवं सुश्री शिल्पी सहित अनेक सदस्य उपस्थित थे।
श्री निशिकांत ने अपने वक्तव्य में कहा कि न्याय चौपाल के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है। हमारा प्रयास है कि कचहरी और पुलिस स्टेशन में विवादों को ले जाए बिना संवाद के आधार पर उनका समाधान हो। जिन मामलों में सालों से केस चल रहा है, उनका भी समाधान चौपाल कर रहा है। अभी तक हमारे पास कुल 108 विवाद आए हैं, जिनमें से 84 विवादों के समाधान हुए हैं। विवाद-समाधान को लेकर डॉक्यूमेंटेशन भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमें कॉलेज के छात्रों को अनेक मुद्दों पर जागरूक करने की आवश्यकता है, जिससे भविष्य में विवाद न हो सकें।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने हाल ही में संपन्न विवाद-समाधान के बारे में बताया। श्री जयेश सिंह राठौड़ ने पति-पत्नी के बीच विवाद, श्री डी.पी. राय ने ऑटो चालक और बैंक के बीच ऋण संबंधी विवाद एवं सुश्री रंजीता ने नशे की गिरफ्त में फंसने के कारण युवा और उसके परिवार से हुए विवाद और समाधान के बारे में बताया।
श्री एन.सी. वाधवा ने अपने वक्तव्य में अनेक विवादों के समाधान किए जाने को लेकर न्याय चौपाल, मध्य क्षेत्र को बधाई दी।
न्याय चौपाल के राष्ट्रीय महासचिव श्री गोविंद गोयल ने कहा कि अच्छी गति से न्याय चौपाल की इकाइयां कार्य कर रही हैं। विवाद-समाधान के दौरान कार्यपद्धति का विकास हो रहा है। हमें विशेष बिंदु को रेखांकित करना है, जो आगे विवाद-समाधान में मार्गदर्शक हो सकते हैं, भविष्य के लिए उपयोगी हो सकते हैं। न्याय चौपाल का उद्देश्य है कि आम आदमी को न्याय मिले। दोनों पक्षों के बीच आपसी विश्वास उत्पन्न हो और संवाद के आधार पर विवादों का समाधान हो।
उन्होंने कहा कि न्याय चौपाल, मध्य क्षेत्र की काफी दिनों बाद बैठक हो रही है। हमें मासिक बैठक अवश्य करनी चाहिए।
बैठक के प्रारंभ में हाल ही में दिवंगत न्याय चौपाल के अध्यक्ष रहे सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस आरसी लाहोटी की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। बैठक का समापन कल्याण-मंत्र से हुआ।